राजस्थान
Trending

पिण्डवाड़ा में किसानों का आक्रोश चरम पर

भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक सोमवार को गांधी उद्यान, पिण्डवाड़ा में तहसील अध्यक्ष जयंती लाल चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पिण्डवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों ने भाग लिया और क्षेत्र में किसानों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक के बाद भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम पिण्डवाड़ा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर आठ सूत्रीय मांगें रखीं।

चूना पत्थर खनन परियोजना का कड़ा विरोध

बैठक में सर्वसम्मति से मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड की 800.9935 हेक्टेयर जमीन पर प्रस्तावित चूना पत्थर खनन परियोजना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। किसानों ने कहा कि यह परियोजना कृषि भूमि, पर्यावरण और क्षेत्र के जल स्रोतों के लिए विनाशकारी साबित होगी। किसान संघ ने परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर पहला अधिकार किसानों का है।

अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग

किसानों ने पिण्डवाड़ा क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन पर चिंता जताई। किसान संघ का कहना है कि खनन माफियाओं की गतिविधियों से खेतों की उर्वरता नष्ट हो रही है और भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है। ज्ञापन में अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

खाद संकट से जूझ रहे किसान

बैठक में किसानों ने बताया कि रबी सीजन के दौरान यूरिया और डीएपी खाद की भारी किल्लत बनी हुई है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों की पैदावार प्रभावित हो रही है। किसान संघ ने प्रशासन से मांग की कि पिण्डवाड़ा क्षेत्र में खाद की निर्बाध और शीघ्र आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

30 साल से बंद कृषि मंडी बनी किसानों की परेशानी

स्वरूपगंज में करीब 30 वर्षों से बनी कृषि मंडी आज दिन तक शुरू नहीं हो पाई है। किसानों ने कहा कि मंडी शुरू नहीं होने के कारण उन्हें अपनी उपज बिचौलियों को कम दामों में बेचनी पड़ रही है। किसान संघ ने स्वरूपगंज कृषि मंडी को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की।

सिंचाई के लिए दिन में 6 घंटे बिजली की मांग

किसानों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। किसान संघ ने मांग की कि समस्त पिण्डवाड़ा क्षेत्र में किसानों को दिन के समय एक साथ कम से कम 6 घंटे निर्बाध बिजली दी जाए, ताकि सिंचाई कार्य सुचारु रूप से हो सके।

एनएच-27 पर चौराहा व अंडरब्रिज की मांग

सड़क सुरक्षा को लेकर भी किसान संघ ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बनास नदी के निकट साईं धाम के पास तिराहा चौराहा बनाए जाने तथा कोजरा चौराहे पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई, जिससे आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

किसानों के हक के पानी की बिक्री पर आपत्ति

किसान संघ ने आरोप लगाया कि पश्चिमी बांध का पानी किसानों के अधिकार का है, लेकिन इसे जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट को बेचा जा रहा है। इसके साथ ही बनास और कादंबरी बांध के कैचमेंट एरिया में अवैध रूप से ट्यूबवेल खोदकर औद्योगिक इकाइयों को पानी बेचे जाने का भी मुद्दा उठाया गया। अवैध रूप से पानी बेचने वालों पर कठोर कार्रवाई कि मांग उठाई गई है।

प्रशासन को अल्टीमेटम, नहीं मानी मांगें तो आंदोलन तय

अंत में किसान संघ ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सभी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संगठन उग्र प्रदर्शन और आंदोलन करेगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान भारतीय किसान संघ के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!